Skip to content
A fantasy-themed illustration for चंद्रकांता

13

19.2K 3K 0

खोह वाले तिलिस्म के अंदर बाग में कुंअर वीरेन्द्रसिंह और योगीजी मे बातचीत होने लगी जिसे वनकन्या और इनके ऐयार बखूबी सुन रहे थे।

कुमार - पहले यह कहिये चंद्रकान्ता जीती है या मर गई?

योगी - राम - राम, चंद्रकान्ता को कोई मार सकता है? वह बहुत अच्छी तरह से इस दुनिया में मौजूद है।

कुमार - क्या उससे और मुझसे फिर मुलाकात होगी?

योगी - जरूर होगी।

कुमार - कब?

योगी - (वनकन्या की तरफ इशारा करके) - जब यह चाहेगी।

इतना सुन कुमार वनकन्या की तरफ देखने लगे। इस वक्त उसकी अजीब हालत थी। बदन में घड़ी - घड़ी कंपकंपी हो रही थी, घबराई - सी नजर पड़ती थी। उसकी ऐसी गति देखकर एक दफे योगी ने अपनी कड़ी और तिरछी निगाह उस पर डाली, जिसे देखते ही वह सम्हल गई। कुंअर वीरेन्द्रसिंह ने भी इसे अच्छी तरह से देखा और फिर कहा :

कुमार - अगर आपकी कृपा होगी तो मैं चंद्रकान्ता से अवश्य मिल सकूंगा।

योगी - नहीं यह काम बिल्कुल (वनकन्या को दिखाकर) इसी के हाथ में है, मगर यह मेरे हुक्म में है, अस्तु आप घबराते क्यों हैं। और जो - जो बातें आपको पूछनी हो पूछ लीजिये, फिर चंद्रकान्ता से मिलने की तरकीब भी बता दी जायगी।

कुमार - अच्छा यह बताइये कि यह वनकन्या कौन है?

योगी - यह एक राजा की लड़की है।

कुमार - मुझ पर इसने बहुत उपकार किये, इसका क्या सबब है?

योगी - इसका यही सबब है कि कुमारी चंद्रकान्ता में और इसमें बहुत प्रेम है।

कुमार - अगर ऐसा है तो मुझसे शादी क्यों किया चाहती है?

योगी - तुम्हारे साथ शादी करने की इसको कोई जरूरत नहीं और न यह तुमको चाहती ही है। केवल चंद्रकान्ता की जिद्द से लाचार है, क्योंकि उसको यही मंजूर है।

योगी की आखिरी बात सुनकर कुमार मन में बहुत खुश हुए और फिर योगी से बोले -

कुमार - जब चंद्रकान्ता में और इनमे इतनी मुहब्बत है तो यह उसे मेरे सामने क्यों नहीं लातीं?

योगी - अभी उसका समय नहीं है।

0 Next
Continue to next part Up next कुमार – क्यो
Previous part

Recommended for you

Comments (0)

Log in to join the conversation.